दंगल गर्ल रेसलर बबीता फोगाट आज बंधेगी शादी के बंधन में

खबरें अभी तक। दंगल गर्ल रेसलर बबीता फौगाट रविवार को बाबुल के घर से विदा होकर पिया की डगर पर चली जाएंगी। दादरी जिले की गांव बलाली निवासी बबीता के घर पर विवाह की तैयारियां जोरों पर हैं। शादी से पहले होने वाली रस्में पूरी होने के साथ कैटरर मिठाइयां और व्यंजन बनाने में जुटे हुए हैं। विनेश रविवार एक दिसंबर को झज्जर जिले के रहने वाले पहलवान विवेक सुहाग के साथ फेरे लेंगी।

गांव बलाली स्थित बबीता के घर पर जहां परिजन शादी की तैयारियों में व्यस्त रहे वहीं ग्रामीणों व रिश्तेदारों को खाना खिलाया। बबीता की बहन अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता, संगीता, रीतू व चचेरी बहन विनेश भी गांव पहुंच गई। शादी का पूरा कार्यक्रम गांव बलाली में ही रखा गया है। वहीं दो दिसंबर को दिल्ली में रिशेप्सन कार्यक्रम होगा। जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, सीएम सहित सिने स्टार व पहलवान शामिल होंगे। शादी से पूर्व मेहंदी रस्म पूरी की गई। इस दौरान बबीता ने अपनी बहनों व परिजनों के साथ डांस किया और मस्ती की।

बताया जा रहा है कि बबीता की शादी से पहले ही परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और कुछ वीआइपी लोगों को निमंत्रण दिए जा चुके हैं। इनमें ओलंपिक में सिल्वर मेडलिस्ट सुशील कुमार, पहलवान साक्षी मलिक के अलावा पूजा ढांडा, ललिता सहरावत सहित विदेशी खिलाडिय़ों व कोच को भी न्यौता दिया गया है। बरातियों व मेहमानों को परोसे जाने वाले देसी व्यंजन विशेष होंगे। सामान्य व देशी खाना परोसा जाएगा।

बबीता ने रचाई जोधपुरी मेहंदी

बबीता ने मेहंदी रस्म के दौरान जोधपुरी मेहंदी का डिजाइन अपने हाथों पर लिखवाया है। मेहंदी रस्म कार्यक्रम में बबीता के साथ-साथ गीता, संगीता व रीतू ने भी मेहंदी लगवाई। इस दौरान उन्होंने हाऊस फूल गांनों की धून पर डांस भी किया।

फौगाट बहनों की उपलब्धियों को लेकर चर्चाओं में रहा है बलाली

दादरी जिले का बलाली गांव फौगाट बहनों की उपलब्धियों को लेकर चर्चाओं में रहा है। करीब तीन वर्ष पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फौगाट के विवाह में बालीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के साथ-साथ देश व विदेश की नामी हस्तियों के शरीक होने से यह विवाह भी देशभर में चर्चित रहा था। पिछले वर्ष पहलवान विनेश फौगाट भी शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। वहीं संगीता की विश्व के नंबर वन पहलवान बजरंग पूनिया के साथ सगाई हो चुकी है।