सहारनपुर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, बदमाश और पुलिसकर्मी को लगी गोली

ख़बरें अभी तक। सहारनपुर पुलिस का बदमाशों पर ऑपरेशन क्रैक डाउन लगातार जारी है। इसी बीच चैकिंग के दौरान देर शाम पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। बताया जा रहा है कि जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी तो, वही बदमाश की गोली लगने से एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।

बता दें कि फतेहपुर पुलिस की ओर से की जा रही वाहन चैकिंग के दौरान सामने से बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। जिनको पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की जिसमे एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। जबकि बदमाशों की गोली लगने से एक पुलिसकर्मी देवेंद्र घायल हो गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दोंनो गिरफ्तार बदमाश शहजाद व मान्ना थाना फतेपुर के गंदेवड़ के रहने वाले है।

पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से एक बाइक, दो अवैध तमंचे व चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि फतेहपुर थाना पुलिस रोजाना की तरह चैकिंग कर रही थी। तभी सामने से बाइक पर सवार दो बदमाश आते दिखाई दिए जिन को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। फिलहाल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है।