ख़बरें अभी तक। बीजेपी-जेजेपी सरकार में 10 नए मंत्रियों को शामिल किया गया। जहां कल (14 नवंबर, 2019) सभी 10 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली और देर शाम सभी मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया गया। इसमें अनिल विज को गृह, शहरी स्थानीय निकाय और स्वास्थ्य सहित सात विभाग दिए गए हैं। बता दें कि गृह विभाग पिछली सरकार में मुख्यमंत्री मनेाहरलाल ने अपने पास ही रखा था।
कंवरपाल गुर्जर को शिक्षा, पर्यटन व संसदीय कार्य सहित पांच विभाग दिए गए हैं। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने अपने पास वित्त सहित सात विभाग रखे हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास 10 विभागों का कार्यभार है। कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा को परिवहन सहित चार विभाग सौंपे गए हैं। कैबिनेट मंत्री बने निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला को बिजली और जेल जैसे महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री जयप्रकाश दलाल को कृषि और किसान कल्याण सहित चार विभाग का कार्यभार सौंपा गया है। डॉ. बनवारीलाल को सहकारिता और अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। डॉ. बनवारीलाल पिछली सरकार में राज्यमंत्री थे। राज्यमंत्रियों में ओमप्रकाश यादव को सामाजिक न्याय व सशक्तीकरण और सैनिक व अर्द्ध सैनिक कल्याण विभाग का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है।
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा को महिला एवं बाल कल्याण और अभिलेखागार विभाग का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के अनूप धानक को पुरातत्व व संग्रहालय का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उनको श्रम एवं रोजगार विभाग भी सौंपा गया है। इस विभाग में वह उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से संबद्ध रहेंगे। वहीं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह को खेल व युवा मामले और प्रिंटिंग व स्टेशनरी विभाग का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।