कृषि मंत्री रामलाल मारकंडा का ऊना दौरा, कई विभिन्न कार्यक्रमों में लिया हिस्सा

खबरें अभी तक। कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रोद्यौगिकी मंत्री राम लाल मारकंडा ने आज जिला ऊना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऊना सदर, कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कृषि मंत्री राम लाल मारकंडा ने ऊना विश्राम गृह में जनता की समस्याएं सुनी और मृदा परीक्षण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह ऊना जिला में गांव-गांव घूमकर किसानों के खेतों की मिट्टी का परीक्षण करने के साथ ही उनके खेतों में अधिक पैदावार देने वाली फसलों की जानकारी देगी। इसके बाद कृषि मंत्री ने ऊना के रामपुर में सब्जी व अनाज मंडी के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया तथा अधिकारीयों को सब्जी मंडी के निर्माण के लिए उचित दिशा निर्देश भी दिए। कृषि मंत्री ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव त्यूड़ी में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित किसान मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

कृषि मंत्री रामलाल मारकंडा ने चिंतपूर्णी विधानसभा हल्के के टकारला में नवनिर्मित सब्जी,फल व अनाज उपमंडी का लोकार्पण भी किया। मारकंडा ने कहा कि प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत अभी तक 6400 किसानों को मास्टर ट्रेनर बनाया है वहीँ इस साल दिसंबर तक 50 हजार किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। मारकंडा ने कहा कि प्रदेश के सभी गांव में मृदा परीक्षण वैन जाकर किसानों के खेतों की मिट्टी की जांच करके उन्हें अच्छी पैदावार वाली फसल की भी जानकारी दी जाएगी।

वहीँ खेतों में बढ़ रहे रासायनों के सवाल पर कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में प्रदेश सरकार रासायनिक और जैविक खेती को बंद करके किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि रासायनिक के साथ-साथ जैविक खेती में भी बिमारियों का खतरा बना रहता है। कृषि मंत्री ने कहा कि 2022 तक हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती वाला राज्य बने इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है।

वहीँ कांगड़ा भाजपा में पत्र बम को लेकर उभरे विवाद पर कृषि मंत्री ने पत्र बम को मात्र एक शिगूफा करार दिया है। कृषि मंत्री ने भाजपा में किसी भी तरह की तकरार को भी खारिज किया है।