बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारी लगातार चौथे दिन हड़ताल पर

ख़बरें अभी तक: नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेश भर के सफाई कर्मचारी लगातार आज चौथे दिन भी हड़ताल पर बैठे हैं। बहादुरगढ़ नगर परिषद के सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर बैठे हुए हैं। कर्मचारियों ने नगर परिषद् के गेट के सामने धरना दे रखा है। सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगे पूरी नहीं होने तक हड़ताल पर रहने की चेतावनी भी दी है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार सरकार उनकी मांगे पूरी करने का आश्वासन देती रहती है। लेकिन इस संबंध में आज तक लिखित रूप से कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया। इसलिए सफाई कर्मचारी मजबूर होकर धरना दे रहे हैं और हड़ताल पर चले गए हैं।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि 2018 में हुए समझौते के अनुसार उनकी लगभग सभी मांगे सरकार ने पूरी कर दी थी। लेकिन इस संबंध में कोई नोटिफिकेशन सरकार की ओर से नहीं किया गया और अब भी सरकार उनकी मांगे मानने में आनाकानी कर रही है। इसलिए 4 दिन से प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हुए हैं। हम आपको बता दें कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बहादुरगढ़ में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। जिससे वहां से होकर गुजरने वाले लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। आम जनता भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बहुत परेशान है।