भिवानी को रेबीज मुक्त करने के लिए पालतू व आवारा कुत्तों, बल्लियों व बंदरों का किया जा रहा वैक्सीनेशन

ख़बरें अभी तक: पालतू पशुओं से मनुष्य में रेबीज जैसी घातक बीमारी न फैले, इसके लिए भिवानी की एनीमल सिम्पैंथी आर्गेनाईजेशन द्वारा टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अगले एक पखवाड़े तक घरों में पाले जाने वाले कुत्तों, बिल्लियों को रेबीज के टीके लगाए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य भिवानी शहर को रेबीज मुक्त करना है। इस अभियान के तहत न केवल पालतू कुत्तों व बिल्लियों, बल्कि आवारा कुत्तों व बंदरों को भी नगर परिषद् के सहयोग से टीकाकरण अभियान में शामिल किया जाएगा।

एनीमल सिम्पैंथी आर्गेनाईजेशन द्वारा टीकाकरण अभियान का उद्देश्य आमजन को पालतू व आवारा कुत्ते, बिल्ली व बंदरों के काटने से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाना है। संस्था के महासचिव शिव कुमार व संस्था सदस्य कुलदीप ने बताया कि आवारा व घरेलू कुत्तों के काटे जाने के कारण बहुत से लोगों की रेबीज के कारण मौत हो जाती है। ऐसे में यदि कुत्तों व अन्य पालतू व आवारा जानवरों में रेबीज जैसे कीटाणुओं को खत्म करने के लिए यह टीकाकरण अभियान संस्था द्वारा चलाया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति जो अपने घर में ऐसे जानवर पालता है, वह संस्था की वैबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। जिसके बाद संस्था द्वारा प्रार्थी के घर जाकर नि:शुल्क वैक्सीनेशन किया जाता है। संस्था सदस्यों ने बताया कि आज के इस अभियान के तहत भिवानी शहर के दर्जनों घरेलू व आवारा जानवरों को रेबीज के टीके लगाए गए हैं।  यह अभियान अगले एक पखवाड़े तक भिवानी में चलाया जाएगा।