मनाली-लेह मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन, तीन दिनों से वाहनों में भूखे प्यासे फंसे हैं लोग

ख़बरें अभी तक। मनाली-लेह मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन होने से आम लोगों, सैलानियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, तीन दिन तक रोहतांग से लेकर मढ़ी तक जाम जैसे हालत बने रहे। हालांकि, इस दौरान मौसम आमतौर पर साफ रहा फिर भी रोहतांग दर्रा में सैलानियों और व्यापारियों को दो रातें अपनी गाड़ियों में ही गुजारनी पड़ीं। एक ओर भूस्खलन ने परेशानी बढ़ाई तो दूसरी तरफ करीब छह किलोमीटर तक लगे लंबे जाम ने मुश्किलें और बढ़ा दिया।

रोहतांग और इसके आसपास खाने-पीने की सुविधा न होने से कई सैलानियों को ट्रक चालकों ने खाना खिलाया। हालांकि, मढ़ी और इसके आसपास फंसे लोगों और पर्यटकों को अधिक परेशानी नहीं हुई है। क्योंकि मढ़ी में स्थायी मार्केट का निर्माण किया गया है।

तीन दिनों में मात्र दो बार मनाली-लेह मार्ग खुला लेकिन सड़क पर भारी संख्या में वाहनों की कतार से वह 50 घंटे से भी अधिक समय से फंसे हुए हैं।