बहादुरगढ़ में नगर परिषद कार्यालय के गेट पर सफाई कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल

ख़बरें अभी तक: प्रदेशभर के सफाई कर्मचारियों ने एक बार फिर से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज प्रदेश की सभी नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर है बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के गेट पर हड़ताल शुरू की और धरने पर बैठ गए। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कर्मचारी आज एक दिवसीय पेन डाउन और टूल डाउन हड़ताल के जरिए सरकार के सामने अपना विरोध दर्ज करवा रहे हैं। दरअसल पिछले लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन करते आ रहे हैं। लेकिन सरकार उनकी मांगे नहीं मान रही। इसलिए सफाई कर्मचारियों ने आज सांकेतिक हड़ताल की है। साथ ही उन्होंने सरकार से लंबी लड़ाई लड़ने के लिए रणनीति भी तैयार की है।

अब कर्मचारी 26 अगस्त को सरकार के खिलाफ शहर भर में मशाल जुलूस निकालेंगे और 27 अगस्त से तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अगर सरकार ने फिर भी उनकी मांगे नहीं मानी तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि 2018 में जब कर्मचारियों ने हड़ताल की थी तो सरकार ने उनकी मांगे मान ली थी। लेकिन लिखित रूप से कोई भी आश्वासन सरकार की ओर से ना तो उस समय दिया गया और ना ही उनकी मांगों पर विचार किया गया। ऐसे में कर्मचारी मजबूर होकर हड़ताल का सहारा ले रहे हैं। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द से जल्द कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा बंद करने को समान काम समान वेतन लागू करने की मांग की है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बहादुरगढ़ शहर में कूड़े का उठान नहीं हो पाया। जिससे चारो तरफ गंदगी के ढेर लग गए।