मुख्यमंत्री ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को दी करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात

ख़बरें अभी तक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार रात धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में 111 करोड़ 12 लाख की 7 परियोजनाओं का उद्घघाटन किया। मुख्यमंत्री ने 37 मिनट तक गीता स्थली ज्योतिसर में मल्टी मीडिया शो का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गीता स्थली ज्योतिसर में एक बार फिर से पूरे विश्व को पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को स्मरण करने का अवसर मिलेगा। इन उपदेशों से देश की भावी युवा पीढ़ी को अच्छी शिक्षा और संस्कार मिलेंगे। इन तमाम उदेश्यों को लेकर ही टीआरएल राइस लैण्ड प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम के सहयोग से ध्वनी, जल एवं प्रकाश मल्टी मीडिया शो की स्थापना की गई है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, मंत्री मनीष ग्रोवर, सांसद नायब सैनी, सासंद संजय भाटिया, विधायक सुभाष सुधा ने मंत्रौच्चारण के बीच व पवित्र ग्रंथ गीता का विधिवत रुप से पूजन कर करीब 8 करोड़ की लागत से ध्वनि, जल एवं प्रकाश मल्टीमीडिया शो का उद्घघाटन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव ज्योतिसर से ही गांव बारना में 5 करोड़ 19 लाख की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 9 करोड़ रुपए की लागत से पिपली से लाडवा 20 किलोमीटर सहारनपुर-कुरुक्षेत्र रोड़ के फोर लेनिंग और विस्तारीकरण प्रोजैक्ट, 9 करोड़ 81 लाख की लागत से निर्मित कुरुक्षेत्र के विद्युत भवन, 12 करोड़ 62 लाख की लागत से करीब 20 कालोनियों के डीआई पाईप लाईन, 39 करोड़ 50 लाख की लागत से करीब 20 कालोनियों के सीवरेज पाईप लाईन परियोजना और गांव नरकरतारी में 27 करोड़ की लागत से निर्मित 25 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना का उदघाटन किया।