अंबाला सांसद और केंद्रीय मंत्री रत्नलाल कटारिया ने किया सीएम के कश्मीरी लड़की वाले बयान का स्वागत

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा कश्मीरी लड़कियों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया की भी विवादित प्रतिक्रिया सामने आयी है। रतन लाल कटारिया ने कहा मुख्यमंत्री ने कश्मीर की लड़कियों को लेकर जो बयान दिया है वो स्वागत योग्य है और उसमें जो बाधाएं 370 धारा ने खड़ी की हुई थी। वो सारी बाधाएं दूर हो गयी हैं। इसलिये वो एक वेलकम स्टेप है।

 

केंद्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया आज पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित महाराजा अग्रसैन चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला के 5वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यह आपत्तिजनक बयान दिया है। इसके साथ ही हाल ही में हुई कांग्रेस आलाकमान की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष का नाम फाइनल ना होने पर और फिलहाल सोनिया गांधी को अध्यक्ष बनाये जाने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कटारिया ने कहा कि कांग्रेस अंधेरे में ही लठ घुमा रही है। कटारिया ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है उसके चलते कांग्रेस को सूझ नहीं रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष किसको बनाये।