अंतरराष्ट्रीय कुल्लू महोत्सव में 200 से ज्यादा देवी देवता करेंगे शिरकत

ख़बरें अभी तक: अंतरराष्ट्रीय कुल्लू महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आठ अक्तूबर से शुरू होने वाले भगवान रघुनाथ के सम्मान में मनाए जाने वाले उत्सव में दशहरा उत्सव समिति ने कुल्लू के 200 से ज्यादा देवी देवताओं को न्योता भेज दिया है। बता दें कि देवता श्रृंगाऋषि व बालू नाग को निमंत्रण पत्र नहीं दिया गया है।

भगवान रघुनाथ की अध्यक्षता में मनाए जाने वाले सात दिवसीय दशहरा उत्सव में देवी देवताओं की भागीदारी को लेकर दशहरा समिति ने देवता खुडीजल, देवी हिडिंबा, बिजली महादेव, व्यास ऋषि, टकरासी नाग, कोट पझारी, शेष नाग, माता पार्वती, मंगलेश्वर महादेव, मनुऋषि शैंशर, कशु नारायण, शंगचूल महादेव, देवता चंभू और चोतरू नाग सहित जिलाभर के सैकड़ों देवी देवताओं को निमंत्रण दिया है।

प्रशासन ने देवी देवताओं को भेजे गए निमंत्रण पत्रों को तहसीलदार के जरिए भेजा है। एडीएम कुल्लू अक्षय सूद ने कहा कि देवी देवताओं की भागीदारी ही अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की पहचान है। गौरतलब है कि पिछले साल दशहरा उत्सव में 250 से अधिक देवी देवताओं ने दशहरा में शिरकत की थी।