आज (सोमवार) चंद्रयान-2 धरती की अगली तीसरी कक्षा में करेगा प्रवेश

ख़बरें अभी तक। आज सोमवार के दिन चंद्रयान-2 को धरती की अगली कक्षा में प्रवेश करेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अनुसार सोमवार को ढाई बजे से साढ़े तीन बजे के बीच Chandrayaan-2 को धरती की अगली तीसरी कक्षा में प्रवेश कराने का काम किया जाएगा। बता दें कि अब तक इसरो चंद्रयान-2 को धरती की दो कक्षाओं में सफलतापूर्वक प्रवेश करा चुका है।

इसरो के अनुसार, 22 जुलाई को चंद्रयान-2 को धरती की कक्षा में स्‍थापित किया गया था। इसके बाद 26 जुलाई को प्रोपल्‍शन सिस्‍टम के जरिए 883 सेकेंड की फायरिंग करके इसे दूसरी अगली कक्षा में दाखिल कराया गया था। इसरो ने कहा है कि स्‍पेसक्रॉफ्ट की सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। धीरे-धीरे यह धरती की कक्षाओं को पार करते हुए चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा।

वैज्ञानिकों ने महज 57 सेकेंड की ऑनबोर्ड फायरिंग के जरिए चंद्रयान-2 धरती की पहली कक्षा में स्‍थापित करा दिया था। चांद पर ले जाने के लिए इसको चार ऑर्बिटल एलिवेशन से गुजारा जाएगा। इस प्रक्रिया में वैज्ञानिक हर बार यान को अगली कक्षा में स्थापित करेंगे। इसरो के अनुसार, यह प्रक्रिया छह अगस्‍त तक चलेगी यानी चंद्रयान-2 छह अगस्त तक पृथ्वी के चारों तरफ चक्कर लगाएगा। और 14 अगस्त को इसे चांद की कक्षा की ओर धकेल दिया जाएगा।

चंद्रयान-2 का लैंडर विक्रम सात सितंबर को चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा। लैंडिंग के दौरान यह लगभग 15 मिनट तक खतरे का सामना करेगा। चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने तक यह बेहद कड़ी निगरानी रहेगा। इसरो की देखरेख में अमेरिका, रूस और चीन में बने भारतीय स्पेस सेंटर के वैज्ञानिक भी चंद्रयान-2 पर नजर रखेंगे। चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने पर चंद्रयान-2 की गति में बदलाव होगा जिस पर वैज्ञानिकों की गहरी नजर रहेगी। इस मिशन की सफलता के बाद इसरो के वैज्ञानिक 2022 में अंतरिक्ष में मानव मिशन भेजने की तैयारियों में जुट जाएंगे।