प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पगड़ी पहना कर किया स्वागत

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का देश की राजधानी दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने जेपी नड्डा को पगड़ी पहनाकर, हुक्का और हल देकर स्वागत किया। वहीं कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने फल और सब्जियां देकर जेपी नड्डा का जोरदार स्वागत किया।

बहादुरगढ़ से विधायक नरेश कौशिक और झज्जर जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल ने भी फूल मालाओं से ढोल नगाड़ों की थाप पर उनका स्वागत किया। जेपी नड्डा बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हरियाणा के दौरे पर आए हैं।

अपने 2 दिन के प्रवास के दौरान वे रोहतक में रुकेंगे। नड्डा रोहतक में सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्ष और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने मिशन 75 के तहत तैयारियां शुरू कर दी है और इसी को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हरियाणा आए हैं।

यहां वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को गुरु मंत्र भी दिया जाएगा। हम आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी 3 दिन के प्रवास पर हरियाणा आए थे और रोहतक से ही लोकसभा चुनाव का बिगुल बजाया था। बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में 10 की 10 सीटें हरियाणा में हासिल की थी और अब विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रोहतक से ही शंखनाद कर रहे हैं