HP: कुल्लू ने पार किया साढ़े तीन लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

ख़बरें अभी तक। कुल्लू वन वृत ने पांच दिवसीय विशेष पौधारोपण अभियान के दौरान साढ़े तीन लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया है। 20 से 24 जुलाई तक यह अभियान सफलतापूर्वक चला। यह जानकारी आज यहां वन अरण्यपाल अनिल शर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि विभाग ने कुल्लू वृत में पौधारोपण के लिए कुल 62 स्थान चिह्नित किए थे तथा लगभग 400 हैक्टेयर भूमि पर पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया था।

अनिल शर्मा ने बताया कि अभियान को कामयाब बनाने के लिए स्थानीय लोगों, महिला व युवक मंडलों, पंचायतीराज संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी जगहों पर लोगों ने स्वेच्छा से पौधारोपण के कार्य में भाग लिया। इस दौरान स्थानीय परिस्थितियों और लोगों की मांग के अनुसार विभिन्न प्रजातियों के पौधे वन विभाग ने उपलब्ध करवाए। अनिल शर्मा अरण्यपाल ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह सुनियोजित ढंग से चलाया गया तथा एक ऐप के माध्यम से इसकी रियल टाइम मानीटरिंग की गई। विभाग ने सभी चिह्नित स्थानों पर गड्ढे पहले ही तैयार करवा दिए थे तथा लोगों को मौके पर ही पौधे उपलब्ध करवाए।