ऊना में खाकी की चाहत में लड़कियों ने जमकर बहाया पसीना

ख़़बरें अभी तक: ऊना में चल रही पुलिस भर्ती प्रक्रिया के पांचवें दिन महिला पुलिस के 18 पदों के लिए युवतियों ने मैदान में जमकर पसीना बहाया। पुलिस में भर्ती होने की चाहत दिल में लिए युवतियां सुबह 5 बजे ही पुलिस लाइन मैदान के बाहर जुटना शुरू हो गई थी। महिला आरक्षी के 18 पदों के लिए हुई भर्ती प्रक्रिया के पहले पड़ाव में ऊना जिला  की 996 युवतियों को आमंत्रित किया गया था, युवतियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मैदान में सबसे पहले, लंबाई मापी गई उसके बाद लांग जम्प, हाई जम्प तथा आखिर में 800 मीटर की दौड़ लगाकर अपना दम दिखाया।

पांच दिनों तक चलने वाली इस भर्ती में कुल 95 पद हैं, जिसमें महिला आरक्षी के 18 पद, पुरुष आरक्षी के 66 पद तथा पुरुष ड्राइवर के 11 पद शामिल हैं। पुलिस भर्ती को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक गतिविधि स्थल पर वीडियो कैमरा स्थापित किये गए है। डीआईजी नार्थ रेंज संतोष पटियाल ने भी माना कि लड़कों के मुकाबले लड़कियों में पुलिस भर्ती का खासा क्रेज देखने को मिला है।