INLD को लगा एक और बड़ा झटका, अब इस नेता ने दिया इस्तीफा

ख़बरें अभी तक। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को एक और बड़ा झटका लगा है। इनेलो के रानियां के विधायक रामचंद कंबोज ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कंबोज ने अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष बीडी ढालिया को भेजा है। वहीं अब कंबोज के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। कंबोज ने अपने इस्‍तीफे का कारण पार्टी में अंतरकलह को बताया है। बता दें कि रविवार को सोशल मीडिया पर कंबोज का त्‍यागपत्र वायरल हुआ था। इस बारे में पूछे जाने पर रामचंद कंबोज ने इसकी पुष्टि की।

बता दें कि हाल ही में हुई इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के पुत्र अर्जुन चौटाला की सगाई के कार्यक्रम में भी रामचंद कंबोज नजर नहीं आए थे। इनेलो से जुड़े दूसरे विधायक वहां थे। इससे पहले अभय सिंह द्वारा ली गई रानियां के कार्यकर्ताओं की बैठक में भी वह नहीं थे। रामचंद कंबोज के त्‍यागपत्र पर 15 जुलाई की तिथि है।

वहीं कंबोज ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करने की चर्चाओं को खारिज किया है। रामचंद कंबोज ने कहा, मेरी मुख्यमंत्री मनोहरलाल से कोई मुलाकात नहीं हुई है। जब उनसे मिलूंगा तो इस बारे में अवश्य जानकारी दूंगा। बता दें कि हिसार में आयोजित राहगीरी के राज्य स्तरीय समारोह में रानियां विधायक रामचंद कंबोज की मुख्यमंत्री से मुलाकात किए जाने की चर्चाएं गर्म रही है।