बेटी पैदा होने पर नन्‍ही सी जान को नोच-नोच कर मार डाला

ख़बरें अभी तक। महाराष्‍ट्र के यवतमाल के करामाना गांव में अशोक शिंदे के घर सातवीं संतान के रूप में फिर से लड़की पैदा हुई तो परिवार ने उस नन्‍ही सी जान की नोच-नोच कर हत्‍या कर दी। इसके बाद उस नवजात को खेत में ही दफना दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, शिंदे की पत्‍नी ने 28 जून को एक बेटी को जन्‍म दिया था। इसके बाद से घर में मातम पसर गया। अगले ही दिन उस बच्‍ची को मौत के घाट उतार कर दफना दिया गया।

वहीं इस घटना की जानकारी एक अनजान शख्‍स ने पुलिस थाने के लैंडलाइन पर फोन कर दी। उस शख्‍स ने बताया कि बच्‍ची को नाखूनों से नोच-नोच कर मारा गया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्‍थल पर पहुंची और जमीन में दफनाई गई बच्ची के शव को बाहर निकलवाया। पुलिस अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब इस मामले में डॉक्टर की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्‍द गिरफ्तार किया जाएगा।