लगातार घट रहा है इनेलो का कूनबा, अब ये दो बड़े चेहरे भाजपा में शामिल

हरियाणा में इनेलो का अस्तित्व जैसे खत्म सा होता जा रहा है। इनेलो के नेता लगातार पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। अब इनेलो के पंचकूला से विधान सभा प्रत्याशी रहे कुलभूषण गोयल, पात्र अध्यापक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा और इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण अत्रे ने बीजेपी ज्वाइन कर ली है।

पंचकूला में बीजेपी कार्यालय में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की एक प्रैसवार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें इन सभी को बराला द्वारा पार्टी ज्वाइन करवाई गई।

सुभाष बराला ने कहा कि हरियाणा के किसी भी क्षेत्र की बात करें. तो बूथ से लेकर प्रान्त स्तर, वर्तमान विधायक से लेकर पूर्व विधायक, बहुत से जिम्मेदार लोग भाजपा में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष कहता था कि मोदी की लोकप्रियता के कारण लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं, उन्हें जवाब मिलना शुरू हो गया है। विधानसभा चुनाव से पूर्व निरन्तर इतनी बड़ी संख्या में नेताओ का भाजपा में शामिल होना हमारी मजबूती को दिखाता है।

बराला ने कहा कि भाजपा सरकार ने नए मानदंड स्थापित किए हैं। क्या इनेलो को खत्म करने की ठानी है नहीं, हमने किसी को खत्म करने की नहीं ठानी। हम एकात्म मानववाद की राह पर चलते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बूथ से आगे पन्ना स्तर तक हम पहुंचे, विपक्ष अपनी भूमिका सही से न निभाए, तो इसका वही जवाब देंगे। हमारा लक्ष्य भाजपा, संगठन को मजबूत करना, अच्छे लोगों के लिए भाजपा के दरवाजे खुले हुए हैं। किसी नेता को कोई कमिटमेंट नहीं किया गया है. सुभाष बराला ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी भाजपा के पास अच्छे उम्मीदवार थे, कार्यकर्ताओं ने पूरे मन से लड़ा और भाजपा ने जीता।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, भाजपा प्रदेश प्रचार-प्रसार संयोजक एवं पूर्व चेयरमैन जवाहर यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष पंचकूला दीपक शर्मा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा इस मौके पर मौजूद रहे।