HR: हटाए गए सफाई कर्मचारियों का धरना 8वें दिन भी जारी

ख़बरें अभी तक। गोहाना: सेक्टर-7 में करीब 11 साल से लगातार सफाई कर रहे 8 ठेका कर्मचारियों को 24 जून को हटा दिया गया था। जब से हटे सफाई कर्मचारी सेक्टर में सामुदायिक भवन के निकट लगातार धरना दे रहे हैं। 8वें दिन भी धरना जारी रहा। धरने पर बैठे कर्मचारी अपनी बहाली की मांग कर रहे हैं। हटे कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करने के लिए हरियाणा जन संघर्ष मंच व समतामूलक महिला संगठन की टीम भी पहुंची।

सेक्टर-7 में 8 कर्मचारी ठेकेदार द्वारा लगाए गए थे। ठेकेदार का ठेका खत्म होने के बाद इन कर्मचारियों को हटा दिया गया। इन कर्मचारियों को हटाए जाने के बाद से सेक्टर में सफाई नहीं हो रही है। हटाए गए कर्मचारी अपनी बहाली की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे है। हरियाणा जन संघर्ष मंच व समतामूलक महिला संगठन की टीम धरने पर कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करने के लिए पहुंची।

टीम में डॉ. सुनीता त्यागी, नरेश विरोधिया, अनिता इंदौरा, सरोज देवी, श्याम रहबारी, सूरजभान चहल, रघुबीर देशवाल, राम मेहर वर्मा, वीर सिंह, सुरेंद्र खेड़ा, प्रदीप त्यागी, प्रदीप सैनी, संदीप कालड़ा, सीमा, रेणु, मूर्ति देवी आदि शामिल रहे। डॉ. त्यागी ने कहा कि हटाए गए कर्मचारियों को अविलंब बहाल किया जाए, उन्हें हटाए जाने और बहाल करने के बीच की अवधि का पूरा वेतन दिया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति होनी चाहिए।