उत्तराखंड में खुलेगी देश की पहली जैविक कृषि उत्पाद मंडी, जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा

ख़बरें अभी तक: उत्तराखंड में खुलेगी देश की पहली जैविक कृषि उत्पाद मंडी। इसके लिए उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड ने कवायद शुरू कर दी है। हल्द्वानी में जैविक मंडी के लिए भूमि चिन्हित की गई है। जल्द ही यह भूमि हल्द्वानी कृषि मंडी समिति के नाम हस्तांतरित की जाएगी।इस मंडी के खुलने से ऑर्गेनिक खेती कर रहे किसानों के कृषि उत्पादों के लिए बाजार तैयार होगा। उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के माध्यम से प्रदेश में 23 फल-सब्जी मंडी स्थापित हैं।

जहां पर सभी प्रकार के कृषि उत्पादों का कारोबार किया जाता है। प्रदेश में ऑर्गेनिक उत्पादों के लिए अलग से कोई मंडी नहीं है। इधर प्रदेश सरकार किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। प्रदेश के नैनीताल, पौड़ी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली जिले के किसानों के अलावा जैविक उत्पादन परिषद के 500 क्लस्टरों में जैविक खेती हो रही है। परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत करीब 80 हजार किसान ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं।