अगर आपके गले में खराश हो तो अपनाएं ये घरेलू उपाय…..

ख़बरें अभी तक। गले में खराश आपको कभी भी किसी भी मौसम में हो सकती है। गले की खराश से व्यक्ति दिनभर चिड़चिड़ा महसूस करता है। जब हमारे गले की अंदरूनी परत में इंफेक्शन हो जाता है तो गले में सूजन, खांसी और खरखराहट होने लगती है। यह सर्दी और जुकाम के कारण भी होता है। गले की खराश से निजात पाने के लिए आज हम आपको कुछ घरेलू नुस्खे बताएंगे……

गले को आराम देने का सबसे सही समय होता है रात का वक्त। रात को सोते समय दूध में आधी मात्रा में पानी मिलाकर पिएं। इससे गले की खराश कम होगी। साथ ही गर्म हल्दी वाला दूध भी बहुत फायदेमंद होगा। एक कप पानी में 4 से 5 कालीमिर्च एवं तुलसी की 5 पत्तियों को उबालकर काढ़ा बना लें और इस काढ़े को पिएं। यह रात को सोते समय पीने पर लाभ होगा। इसके अलावा भोजन में आप साधारण चीजें ही खाएं तो बेहतर होगा।

गले में खराश होने पर गुनगुना पानी पिएं। गुनगुने पानी में सिरका डालकर गरारे करने से गले की खराश दूर होगी और गले का संक्रमण भी ठीक हो जाएगा। इसके अलावा गुनगुने पानी में नमक डालकर गरारे करना एक अच्छा इलाज है। पालक के पत्तों को पीसकर इसकी पट्टी बनाकर गले में बांधे और 15 से 20 मिनट तक इसे बांधे रखने के बाद खोल लें। इसके अलावा धनिया के दानों को पीसकर उसका पाउडर बनाएं और उसमें गुलाब जल मिलाकर गले पर लगाएं। इससे भी आराम होगा।

गले की खराश के लिए कालीमिर्च को पीसकर घी या बताशे के साथ चाटने से भी लाभ होता है। साथ ही कालीमिर्च को 2 बादाम के साथ पीसकर सेवन करने से गले के रोग दूर हो सकते हैं। गले की खराश या फिर अन्य समस्या होने पर मांसाहार, रूखा भोजन, सुपारी, खटाई, मछली, उड़द इन चीजों से परहेज ही रखें, ताकि गला जल्दी ठीक हो सके।

गले की खराश को दूर करने के लिए नींबू पानी पीना काफी फायदेमंद है। इसके लिए नींबू पानी में एक चम्मच चीनी और चुटकीभर नमक मिलाएं। रोजाना इसके सेवन से गले की खराश से निजात मिलेगी। लहसुन बहुत ही गुणकारी होता है। किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में लहसुन अहम रोल निभा सकता है। लहसुन में ऐलीसिन नामक खास तत्व मौजूद होता है, जो इंफेक्शन पैदा करने वाले जीवाणुओं को मार देता है।

गले की खराश से कई बार हमारी सांस की झिल्लियों की कोशिकाओ में सूजन आ जाती है, जिस कारण गले में दर्द भी होने लगता है। गले की इस सूजन को कम करने में नमक काफी सहायक होता है। अगर आपको कभी भी गले में सूजन या दर्द की महसूस हो तो एक गिलास गरम पानी में नमक मिलाकर गरारा करें। मुलेठी को चबाने से गले की समस्याओ से राहत मिलती है। मौसम परिवर्तन के कारण गले में दर्द या खराश की समस्या से निजात के लिए मुलेठी का चूर्ण मुंह में रखकर चूसने से आपको काफी आराम मिलेगा।