वश में करने के लिए खाने में खून मिलाकर देती थी महिला

ख़बरें अभी तक। हैरानी वाली बात है कि आजकल की डिजिटल दुनिया में भी लोग जादू-टोने जैसे टोटके करते है। और उनको लगता है कि इस से उनके सारे काम हो जाएगे। ऐसा ही एक मामला दिल्ली से आया है जहां नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में रहने वाली एक महिला कथित रूप से अपने लिव-इन पार्टनर को तंत्र मंत्र के जरिए वश में करने के लिए खाने में खून मिलाकर देती थी। उसे यकीन था कि ऐसा करने से उसका प्रेमी उसके वश में रहेगा।

जानकारी के अनुसार, वह वशीकरण के लिए तरह-तरह के टोटके करती थी। युवक के कंधे से बाल भी लेकर रख लेती थी और उस पर तरह-तरह की तांत्रिक क्रिया करती थी। इन टोटकों से तंग आकर युवक ने अपनी पार्टनर पर हमला कर दिया, जिसके बाद घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने युवक को अपने पार्टनर पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अरुण के रूप में हुई है।

बता दें कि महिला और उसके पार्टनर दोनों बिहार के रहने वाले हैं और दोनों पहले से शादीशुदा हैं। आरोपी रिश्ते में महिला का देवर लगाता है। दोनों 3 साल पहले एक दूसरे के करीब आए थे और ढाई साल पहले बिहार से दिल्ली आ गए। वहीं महिला के बारे में बताया जा रहा है कि वह आजादपुर के किसी तांत्रिक के बहकावे में आकार अपने लिव-इन पार्टनर के साथ ऐसा कर रही थी।