कर्नाटक के बाद अब आंध्र प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल बनने की ताक में भाजपा

ख़बरें अभी तक।  दक्षिण भारत में कर्नाटक के बाद अब भारतीय जनता पार्टी की निगाहें आंध्र प्रदेश में जड़ें ज़माने पर हैं। तेलगू देशम पार्टी के छह में से चार राज्यसभा सांसद भाजपा का दामन थाम चुके हैं। उसके कुल 23 विधायकों में से 13 भाजपा के संपर्क में हैं। जब ये भाजपा में शामिल हो जाएंगे तो आंध्र प्रदेश विधानसभा में टीडीपी की जगह भाजपा मुख्य विपक्षी दल बन जाएगी।

गौरतलब हो कि हाल ही में संपन्न लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा आंध्र प्रदेश में एक भी सीट जीत पाने में असफल रही थी। उसे एक प्रतिशत वोट भी नहीं मिले। सभी 175 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई थी। लेकिन वहां कांग्रेस पहले ही साफ हो चुकी है। राज्य की 175 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। लेकिन उसे 1.19 प्रतिशत वोट मिले थे। जबकि वाईएसआर कांग्रेस ने 49 प्रतिशत वोट पाकर 151 सीटें जीती और सरकार बनाई।