रोजी रोटी की तलाश में दुबई गए होशियारपुर के युवक का शव भारत लाया गया

ख़बरें अभी तक। अमृतसर: रोजी रोटी की तलाश में दुबई गए होशियारपुर के 47 वर्षीय सुरजीत कुमार का शव उसकी मौत के 37 दिनों बाद भारत लाया गया। सरबत द भला ट्रस्ट के पेट्रन डॉ.एसपी सिंह ओबराय के प्रयासों से वीरवार को दुबई से लाए गए शव को श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मृतक के परिजनों को सौंपा।

जानकारी के मुताबिक होशियारपुर निवासी सुरजीत कुमार पुत्र गुरदयाल सिंह अपने परिवार की आर्थिक मदद व रोजी रोटी कमाने के लिए दुबई गया था। अभी फरवरी 2019 में ही वह छुट्टी काटने के बाद वापस दुबई लौटा था। इस दौरान ही 15 मई को वह संदिग्ध परिस्थितियों में वहां लापता हो गया। इसके एक सप्ताह बाद 21 मई को सुरजीत का शव रेत के टिब्बों में मिला। जब भारत में रहने वाले उसके परिवारिक सदस्यों को सुरजीत के साथ काम करने वाले साथियों से उसकी मौत की सूचना मिली तो उसके परिवार पर कहर टूट पड़ा।

सुरजीत की पत्नी अपने पति का शव भारत लाए जाने के लिए प्रशासन से गुहार लगाती रही। इस दौरान उसने ट्रस्ट की होशियारपुर जिला इकाई के प्रधान आज्ञापाल सिंह के जरिए डॉ. ओबराय से संपर्क कर सुरजीत का शव भारत लाए जाने की गुहार लगाई। जिसके बाद डॉ. ओबराय ने दुबई में कार्रवाई मुकम्मल करने के बाद आज शव को दुबई से भारत भेज दिया।

दुबई से शव लेकर आए मृतक के दोस्त हुसन लाल के अलावा भतीजे आकाशदीप, साले विजय कुमार, भाई रंविदर सिंह और देवराज ने डॉ. ओबराय का धन्यवाद किया। 120 युवाओं का शव परिजनों तक पहुंचा चुका है ट्रस्ट एयरपोर्ट पर मृतक के परिजनों से दुख व्यक्त करते हुए ट्रस्ट के सेवादार मनप्रीत सिंह संधू, नवजीत सिंह घई, शिशपाल सिंह लाडी ने बताया कि उनकी संस्था सुरजीत सिंह के शव सहित अभी तक 120 बदनसीब युवा लड़के-लड़कियों के शव भारत लाकर परिजनों तक पहुंचा चुका है। जबकि पिछले 12 दिनों में ही ट्रस्ट ने 4 युवाओं के शव भारत लाए हैं। सुरजीत का शव भारत लाए जाने में डॉ. ओबराय के सचिव बलदीप सिंह चाहल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।