इनेलो को बड़ा झटका विधायक परमिंदर ढुल और जाकिर हुसैन भाजपा में शामिल

ख़बरें अभी तक। हरियाणा में इनेलो को बड़ा झटका लगा है, इनेलो के नूंह से विधायक जाकिर हुसैन और जींद के जुलाना से विधायक परमिंदर ढुल ने भाजपा का दामन थाम लिया है। सीएम मनोहर लाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में दोनों भाजपा ज्वाइन की।

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि सभी को कार्यकर्ता के नाते भरपूर मान-सम्मान दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में इन नेताओं के शामिल होने से मजबूती मिली है। सीएम ने कहा कि भाजपा परिवार निरन्तर बढ़ रहा है, इनेलो के दोनों विधायक, जेजेपी रोहतक जिलाध्यक्ष धर्मपाल मकड़ौली एवं उनके कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हैं।

भाजपा को हुसैन की एंट्री से मुस्लिम बाहुल्य मेवात में फायदा मिलने की संभावना है। ढुल और हुसैन को मिलाकर भाजपा में अभी तक इनेलो के पांच विधायक शामिल हो चुके हैं। इससे पहले बरवाला से विधायक रणबीर गंगवा, हथीन से विधायक शेरसिंह रावत और फतेहाबाद से विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया भाजपा में शामिल हो चुके हैं।