YOGA DAY : पीएम मोदी रांची में करेंगे जनता के साथ योगा

खबरें अभी तक। विश्व भर में आज पांचवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। जिसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रांची में हैं। बता दें कि पीएम मोदी गुरुवार रात को रांची पहुंच गए थे। वहीं आज सुबह धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में लगभग चालीस हजार लोगों के साथ योग करेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर योग करने वालों के लिए सुबह 3 बजे से प्रवेश प्रारंभ हो चुका है। प्रवेश के लिए 11 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। योग करने वाले सभी लोग आयोजन स्थल पर सुबह पांच बजे तक प्रवेश कर सकेंगे।

योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हो रहे लगभग 40 हजार लोगों में से 35 हजार तक आम जनता में से ही होंगे। जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम के लिए 10 हजार लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची में लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रधानमंत्री के साथ योग करने के लिए लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए ऑनलाइन पंजीकरण प्रशासन को रोकना पड़ा है।

वहीं आपको बता दें कि इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम ‘योग फॉर हार्ट केयर’ रखी गई है।