हिमाचल: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लाखों लोग करेंगे योगासन और प्राणायाम

ख़बरें अभी तक: 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हिमाचल में लाखों लोग योगासन और प्राणायाम करेंगे। आयुष मंत्रालय से जारी प्रोटोकाल के अनुसार प्रदेश भर में सात से आठ बजे के बीच योगासन और प्राणायाम किया जाएगा।

बता दें कि राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सरकारी स्तर पर इस कार्यक्रम को धूमधाम से मनाया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम शिमला के रिज मैदान पर होगा। इसमें राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
हिमाचल में मंत्रियों के भी योगासन और प्राणायाम करने के लिए कार्यक्रम तय किए गए हैं।

बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर सरकाघाट, वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर कुल्लू, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर देहरा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजीव सैजल सोलन, प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल रेणुका, सरवीण चौधरी कांगड़ा और विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज चंबा में योग कार्यक्रम में उपस्थित होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर और शांता कुमार पालमपुर में करेंगे योग।