बीरेंद्र सिंह ने अपने बेटे बृजेंद्र सिंह के लिए की वोट की अपील

ख़बरें अभी तक। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने अपने बेटे बृजेंद्र सिंह के लिए आज उकलाना विधानसभा क्षेत्र के कई गांव का दौरा किया और वोट की अपील की। बिठमड़ा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस बार चौधरी बिरेंद्र सिंह का बेटा नहीं बल्कि आप लोगों का बेटा चुनाव लड़ रहा है और उसे ज्यादा से ज्यादा वोटों से जिता कर संसद में भेजने का काम करें।

बिठमड़ा में आयोजित चुनावी जनसभा में अनेक बार वीरेंद्र सिंह के चुटकुलों से माहौल ठहाकों में बदलता नजर आया। वीरेंद्र सिंह ने इनेलो के परिवार टूटने पर कटाक्ष किया वहीं कहा कि कांग्रेसी कहते हैं कि उनका राज चला गया। राज तो उसी दिन चला गया था जिस दिन वीरेंद्र सिंह कांग्रेस से चले गए थे। इस पर लोग जोर जोर से हंसते हुए नजर आए।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौधरी बिरेंदर सिंह ने कहा कि देश का माहौल बदल रहा है और युवा नई सोच के साथ राजनीति में आ रहे हैं। मोदी की नीतियों का प्रचार करते हुए उन्होंने कहा कि बृजेंद्र सिंह भी युवा है और देश को नई सोच के साथ आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में आए हैं।

हिसार से कांग्रेस द्वारा भव्य बिश्नोई को प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल पर बीरेंद्र सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि कुलदीप को लगा कि वह कुछ नहीं कर पाएंगे इसलिए बेटे को चुनाव मैदान में उतार दिया।