हरियाणा की शान बजरंग पुनिया को मिला पद्म पुरूस्कार

खबरें अभी तक: राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म अवॉर्ड वितरण समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बजरंग पुनिया को पद्मश्री के अवॉर्ड से सम्मानित किया। बजरंग पुनिया ने कुश्ती में भारत का नाम रोशन किया है। बजरंग पुनिया ने दुनिया के कई पहलवानों से मुकाबला किया है। उन्होंने 60 से लेकर 70 किलो भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है।

आपको बता दें कि बजरंग पुनिया ने सबसे पहले साल 2013 में कुश्ती में पहला मेडल जीता था। साल 2013 में एशियन रेसलिंग चैम्पियनशिप का आयोजन दिल्ली में किया गया तब भी बजरंग ने 60 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इसी साल यानी 2013 में ही बुडापेस्ट में वर्ल्ड रेसलिंग चैम्पियनशिप में बजरंग पुनिया ब्रॉन्ज मेडल जीत एक बार फिर से देश का नाम रोशन किया। आपको बता दें कि बजरंग पुनिया वर्ल्ड रेसलिंग चैम्पियनशिप में अब तक 2 पदक जीत देश का नाम रोशन कर चुके हैं जिनमें 1 कांस्य और 1 रजत पदक शामिल है।

बजरंग पुनिया ने 2014 में ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान सिल्वर मेडल जीता था। वहीं 2018 में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में बजरंग पुनिया गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहे थे। साल 2014 में उन्होंने एशियन गेम्स में 61 किलो भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था।  वहीं साल 2018 में एशियाई खेलों में बजरंग पुनिया ने 65 किलो भार वर्ग में गोल्ड मेडल पर कब्जा कर जीत हासिल की थी।