वीरभद्र सिंह ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर के खिलाफ खोला मोर्चा

ख़बरें अभी तक: युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर अब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निशाने पर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि  पांवटा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी किरनेश जंग के खिलाफ युकां प्रदेशाध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव में काम किया था और यह काफी गंभीर मामला है। इस विषय में वो पार्टी हाई कमान से बात करेंगे। इसके अलावा वह पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के समक्ष भी इस मामले को उठाएंगे।

मोदी सरकार के बजट के विषय में बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में हिमाचल के हितों के दृष्टिगत कुछ नहीं दिया गया। प्रदेश के किसानों, बागवानों और अन्य किसी भी वर्ग को कोई फायदा नहीं पहुंचाया है। साथ ही उन्होने ये भी कहा कि राज्य के वार्षिक बजट से भी उनको कोई उम्मीद नहीं है। वही युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर का कहना है कि उन्हें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जिम्मेवारी सौंपी है और वो अपना काम पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं।