जींद उपचुनाव: जींद उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरु, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

ख़बरें अभी तक। जींद विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इनेलो विधायक हरिचंद मिड्ढा के निधन के बाद से ये सीट खाली हुई थी। इस सीट पर उपचुनाव के लिए बीजेपी, जेजेपी, कांग्रेस और इनेलो में कड़ी टक्कर है। बीजेपी से कृष्ण मिड्ढा प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से रणदीप सुरजेवाला मैदान में हैं। जेजेपी से दिग्विजय चौटाला चुनाव लड़ रहे हैं। इनेलो से उम्मेद सिंह रेढू उम्मीदवार हैं। वहीं सांसद राजकुमार सैनी की पार्टी लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी से विनोद आर्श्री चुनाव लड़ रहे हैं।

मतदान के लिए कुल 174 बोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 26 पोलिंग बूथ संवेदनशील बताए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि सभी बूथों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ ना हो, इसके लिए सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स की दो कंपनियां भी जींद में बुलाई गई हैं।

मतदाताओं की बात करें तो 35 गांवों और शहर में बंटे जींद विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,69218 मतदाता हैं। इनमें 90,208 पुरुष और 71,010 महिलाएं शामिल हैं। उप-चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों के मतदाताओं की किस्मत का फैसला यही 169218 मतदाता करेंगे।

वहीं इस चुनाव में जाति समीकरण की अगर बात करें तो जाट समुदाय के 45 हजार मतदाता, OBC वोट 46 हजार के करीब, 38 हजार अनुसूचित जाति के वोट, पंजाबी और ब्राह्मण समाज के 12 -12 हजार मतदाता हैं। वहीं बनिया समाज के  11 हजार निर्णायक वोट, मुस्लिम समेत अन्य जातियों के करीब 5 हजार मतदाता हैं। इन्ही आंकड़ों के आधार पर सभी दलों ने टिकट का वितरण किया है. हालांकि इस बात को खुलकर कोई मानने को तैयार नहीं है। बता दें कि 31 जनवरी को जींद उपचुनाव के नतीजे आएंगे।