हिमाचल: चार फीट बर्फ में 29 किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंची गर्भवती

ख़बरें अभी तक। सात माह की गर्भवती महिला अपनी कोख में पल रहे नवजात की जिंदगी के लिए बर्फ से लदे ग्लेशियर को पैदल पार कर अस्पताल पहुंची। इस महिला ने कड़ाके की ठंड में अपने पति और परिजनों के साथ  4 फीट बर्फ को पार कर 29 किलोमीटर पैदल चल एक गर्भवती महिला अस्पताल पहुंची।

बता दें कि बर्फबारी के बाद पांगी शेष दुनिया से कट गया है। जानकारी के अनुसार गर्भवती महिला को गुरुवार को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। यातायात का कोई साधन ने होने से गर्भवती संगीता ने पति के साथ पैदल ही 29 किलोमीटर दूर स्थित किलाड़ अस्पताल जाने का निर्णय लिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए चार फीट बर्फ के रास्ते को पार किया।

अस्पताल में गर्भवती महिला और उसकी कोख में पल रहा बच्चा सकुशल है। गर्भवती महिला कुमार परमार गांव की रहने वाली है। संगीता अपने पति के सहारे कुमार नाला और नाले के साथ-साथ ग्लेशियर की बाधा पार कर दोपहर दो बजे अस्पताल पहुंची। डाक्टर्स ने जच्चा बच्चा दोनों को सुरक्षित बताया है। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को इलाज के लिए जान जोखिम में डालकर किलाड़ अस्पताल जाना पड़ता है।

वहीं स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि लोगों को घर-द्वार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके व लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। बता दें कि बर्फबारी के बाद हिमाचल की करीब 600 सड़कें बंद हो गई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 27 से 29 जनवरी तक प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि 30 व 31 जनवरी को फिर से बारिश व बर्फबारी हो सकती है।