लोकसभा चुनावों से पहले होगा महिला मोर्चा का राज्य स्तरीय सम्मेलन

ख़बरें अभी तक। लोकसभा चुनावों के चलते भाजपा महिला मोर्चा ने भी कमर कस ली है। महिला मोर्चा प्रदेश में जल्द ही एक राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित करवाने जा रहा है जिसमें प्रदेश भर की एक लाख महिलाएं भाग लेंगी। इसकी जानकारी मंडी जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुमन ठाकुर ने मंडी में दी।

उन्होंने जिला के सभी मंडलों से आई महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आगामी रणनीति बनाई। सुमन ठाकुर ने बताया कि जल्द ही प्रदेश में एक राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें केंद्र से भाजपा की कोई बड़ी नेत्री शिरकत करने यहां आएंगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के लिए तारीख और स्थान तय किया जा रहा है और जल्द ही इसपर कोई अंतिम फैसला ले लिया जाएगा।

सुमन ठाकुर ने बताया कि मंडी जिला के तहत आने वाले सभी पोलिंग बूथों पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को तैनात किया जा रहा है और 31 जनवरी तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। हर बूथ पर 10 महिलाओं को तैनात किया जाएगा जो पार्टी और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि हालही में गुजरात में संपन्न हुए महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में महिलाओं को संगठित करने के जो कार्य सौंपे गए हैं उन्हें मंडी जिला में 1 फरवरी से शुरू किया जाएगा।