हरियाणा सरकार की खेल नीति पर महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी पूनम ने उठाए सवाल

ख़बरें अभी तक। हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जाने वाली तमाम सुविधाओं, नौकरी और इनामी राशि को लेकर किए जा रहे दावों की एक बार फिर पोल खुलती नजर आ रही है। हिसार जिले के अंतर्गत आने वाले उमरा गांव से संबंध रखने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य पूनम मलिक ने सरकार और सूबे के खेल मंत्रालय पर गंभीर आरोप जड़े हैं।

पूनम मलिक का कहना है कि सरकार खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं और इनामी राशि के मामले में दोहरे मापदंड अपना रही है। पूनम मलिक का कहना है कि सरकार ने अब तक उन्हें दी जाने वाली इनामी राशि जारी नहीं की है और जो खिलाड़ी सरकार की खिलाफत करते हैं उन्हें किरकिरी से बचने के लिए पैसा दिया जा चुका है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कुश्ती खिलाड़ी बजरंग पुनिया ने इस मुद्दे पर सरकार की खिंचाई की थी जिसमें किरकिरी होने के बाद उन्हें इनामी राशि दी जा चुकी है। पूनम मलिक का भी कहना है की सरकार उन्हें उनके हक का पैसा उसी तर्ज पर जल्द से जल्द जारी करें।

सूबे के खेल मंत्री अनिल विज से भी बेटी लगा चुकी है गुहार

पूनम मलिक का दावा है की 2016 में रियो ओलंपिक के दौरान प्रदेश के खेल मंत्री अनिल विज ने उन्हें नौकरी और इनामी राशि देने का वादा किया था, जिसके बाद कई बार वो अनिल विज के पास जा कर के उन्हें अपना वादा याद दिलाते हुए इनामी राशी और नौकरी देने की गुहार लगा चुकी है। लेकिन अब तक मात्र आश्वासनों के उन्हें कुछ नहीं मिला।

यह रही है उपलब्धियां

पूनम मलिक लगातार 15 वर्ष की आयु से हॉकी खेल रही है और अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश को एक अलग पहचान दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 2013 में जूनियर वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम की सदस्य रही है इसके साथ साथ 2014 में एशियन गेम में ब्राउन मेडल जीतने वाली टीम के सदस्य के रूप में भी पूनम मलिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश की ओर से ओलंपिक में प्रतिनिधित्व करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य रही है।  जिसके साथ साथ 2016 में एशियन चैंपियन ट्रॉफी में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य भी थी। पूनम मलिक ने 2017 में वर्ल्ड लीग राउंड टू के अंतर्गत गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम में भी बतौर सदस्य भाग लिया था। सन 2018 में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स की भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य भी रह चुकी है। पूनम मालिक अंडर 21 और अंडर 18 महिला हॉकी टीम की कप्तान भी रह चुकी है।

यह भी एक तरीके का रिकॉर्ड ही है कि मात्र 26 वर्ष की आयु तक 189 इंटरनेशनल हॉकी मैच खेलने का गौरव भी पूनम मलिक को प्राप्त है।

26 वर्षीय महिला हॉकी खिलाड़ी पूनम मलिक का सीधे तौर पर सरकार से कहना है कि उन्हें जल्द से जल्द इनामी राशि जारी की जाए और प्रदेश सरकार अपने वादे निभाते हुए नौकरी दे।