रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, काम पर लौटे कर्मचारी

 ख़बरें अभी तक:रोडवेज की हड़ताल समाप्त होने पर शनिवार को भिवानी में परिवहन व्यवस्था पटरी पर लौट आई है। हड़ताल पर गए सभी रोडवेज कर्मचारियों ने शनिवार सुबह अपनी अपनी ड्यूटी फिर से संभाल ली है।

720 प्राइवेट बसों के परमिट रद्द करने की मांग को लेकर 18 दिनों तक चली रोडवेज की हड़ताल हाईकोर्ट के निर्देश के बाद शुक्रवार रात को समाप्त हो गई थी। सुबह दस बजे हड़ताली रोडवेज कर्मचारी वर्कशॉप में जमा हुए और गेट मीटिंग कर ड्यूटियों पर लौटने का फैसला लिया।

इस दौरान रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान राजकुमार दलाल व नरेंद्र दिनोद ने कहा कि कोर्ट के निर्देश व आश्वासन पर सभी हड़ताली कर्मचारी ड्यूटी पर आए हैं। रोडवेज कर्मचारियों की निजीकरण के खिलाफ लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। रोडवेज कर्मचारियों का उद्देश्य आम जन को परेशान करने का नहीं बल्कि जनता के रोजगार को बचाने का है। मामले में हाईकोर्ट जो भी निर्णय देगा वह मान्य होगा।