सीमा की रखवाली करते पुंछ में हिमस्खलन से हिमाचली लाल शहीद

ख़बरें अभी तक। उपमंडल फतेहपुर की पंचायत सिहाल के फौजी सपन चौधरी की डयूटी के दौरान एक हादसे में मौत हो गई है। देश की सीमा की रखवाली के दौरान हुए इस हादसे में जवान को शहीद का दर्जा मिलेगा। 28 वर्षीय सपन चौधरी कई सालों से भारत मां की रक्षा के लिए निष्ठा से डटा हुआ था। गुरुवार सुबह बर्फीले तूफान की वजह से हादसा हुआ। बर्फ की पहाड़ी से बड़ा टुकड़ा लाइन ऑफ कंट्रोल के समीप चौकी पर गिरा।

बता दें कि पुंछ के सवजियान सेक्टर में राष्ट्रीय राइफल की पोस्ट पर बर्फीले तूफान के कहर से दो जवान इसकी चपेट में आ गए। तूफान कम होने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बर्फ की खुदाई करके जवानों को निकाला गया। जहां लांस नायक सपन चौधरी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि हरप्रीत का इलाज चल रहा है। उल्लेखनीय है कि बुधवार को कश्मीर व लद्दाख के कुछ हिस्सों में हिमस्खलन की चेतावनी भी जारी हुई थी। 28 वर्षीय सपन चौधरी पुत्र बीर सिंह के आकस्मिक निधन की खबर से परिवार सहित पूरा गांव स्तब्ध है।

उन्होंने बताया कि सैन्य अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार सुबह तक शहीद सैनिक का शव उसके पैतृक गांव पहुंचाया जाएगा। जवान सपन चौधरी के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि शहीद के पिता भी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं। पुंछ क्षेत्र के मंडी स्टेशन हाउस ऑफिसर अनिल शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हिमाचल का एक जवान शहीद हुआ है और पंजाब का जवान हरप्रीत सिंह घायल है।