हरियाणा रोडवेज का फिर चक्का जाम, जनता को करना पड़ेगा दिक्कतों का सामना

ख़बरें अभी तक।  हरियाणा में 8 व 9 जनवरी को प्रदेश की जनता को एक बार फिर से दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि हरियाणा रोडवेज का दो दिन पूरी तरह से चक्का जाम रहेगा। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी की रोहतक में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में यह फैंसला लिया गया। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दलबीर किरमारा ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर विभागों को निजीकरण की ओर धकेलने का आरोप लगाया।

दलबीर किरमारा ने कहा कि  ट्रेड यूनियन के आह्वान पर 8 व 9 जनवरी को देशव्यापी बन्द है। जिसमें प्रदेश के सभी सरकारी विभाग शामिल होंगे। हरियाणा रोडवेज भी इसमें भाग लेंगी। जिसके चलते 2 दिन पूरी तरह से प्रदेश में रोडवेज का चक्का जाम रहेगा। उन्होंने कहा चाहे केंद्र सरकार हो या फिर प्रदेश की भाजपा सरकार जनहित के सभी विभागों को सिकोड़ने में लगी हुई है। अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे किसान हो, मजदूर हो और या फिर आम जन, हर किसी का शोषण करने में जुटे हुए हैं। इसी के विरोध में ये भारत बंद का आह्वान किया है।