पन्ना प्रमुख सम्मेलन के लिए 15 बसों व 300 निजी गाड़ियों की व्यवस्था

ख़बरें अभी तक। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप तोमर, पूर्व प्रत्याशी बलबीर चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहीराम चौहान तथा भाजयुमो ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा आदि की मौजूदगी में गुरुवार को संगड़ाह में हुई मंडल व जोन पदाधिकारियों की बैठक में सोलन में आयोजित होने वाले पन्ना प्रमुख सम्मेलन की व्यवस्था पर चर्चा की गई। भाजपा नेताओं ने बताया कि, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाले उक्त सम्मेलन में रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से पन्ना प्रमुखों अथवा भाजपा कार्यकर्ताओं को पहुंचाने के लिए 15 बसों तथा 300 छोटी गाड़ियों की व्यवस्था की गई है।

उक्त बसों को यात्रियों अथवा कार्यकर्ताओं की सुविधा के मुताबिक सोलन पहुंचाने की जिम्मेदारी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष धर्मपाल सूर्य को सौंपी गई है। प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति एवं महिला विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष बलबीर चौहान ने बताया कि, रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की 57 पंचायतों के कुल 2190 पन्ना प्रमुख, 369 त्रिदेव व 33 ग्राम केंद्र प्रभारियों में से 80 फ़ीसदी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली अथवा सोलन सम्मेलन के लिए तैयार किया गया है।

विश्राम गृह परिसर में आयोजित इस बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने गत वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतरे पूर्व विधायक हृदय राम को पार्टी में शामिल किए जाने की खबरों अथवा चर्चाओं को गलत बताया। पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेताओं ने कहा कि, हृदय राम खुद को जिस संगठन का मंडल अध्यक्ष बता रहे हैं, वह पार्टी का अधिकृत संगठन नहीं है।

उन्होंने कहा कि, 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी से बगावत के लिए निष्कासित किए गए पूर्व भाजपा विधायक हृदय राम तथा अन्य 22 कार्यकर्ताओं को दोबारा पार्टी में शामिल किए जाने पर अभी किसी भी तरह का निर्णय नहीं लिया गया है। जिला भाजपा अध्यक्ष सिरमौर विनय गुप्ता ने भी पूर्व विधायक को पार्टी अथवा पार्टी के किसी भी संगठन में शामिल किए जाने की खबरों को गलत बताया। भाजपाइयों ने कहा कि, गत विधानसभा चुनाव में पूर्व विधायक एवं निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में उतरे करीब 500 कार्यकर्ता पहले ही अपनी गलती का एहसास होने के बाद बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।