दुष्यंत गुट नहीं उतारेगा मेयर प्रत्याशी

खबरें अभी तक। हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला ने अपनी तरफ से किसी भी प्रत्याशी को नगर निगम चुनाव लड़ाने से मना कर दिया है। दुष्यंत चौटाला गुट की तरफ से पार्षद या मेयर का कोई प्रत्याशी नहीं उतारा जायेगा। हालांकि दुष्यंत गुट की तरफ किसी न किसी प्रत्याशी का समर्थन जरूर किया जायेगा। इसके लिए भी जल्द फैसला लिया जायेगा। ये बातें सांसद दुष्यंत चौटाला ने हिसार अर्बन एस्टेट दो स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। वह यहां 9 दिसम्बर को जींद में नव गठित पार्टी की घोषणा के लिए होने वाली रैली के लिए कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने के लिए आये हुए थे।

दुष्यंत चौटाला ने बताया कि 9 दिसम्बर को जींद में होने वाली रैली में नयी पार्टी का ऐलान किया जायेगा। नाम रैली में ही घोषित किया जायेगा। फिलहाल ये चर्चा चल रही है कि नयी पार्टी के अंत में दल लगाया जाये या पार्टी। उन्होंने ये भी कहा कि एक समान विचारधारा के लोग इस पार्टी में शामिल होंगे और उन्हें पूरे हरियाणा से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उनकी नयी पार्टी प्रदेश के सभी वर्गों के हितों की आवाज उठायेगी। इनेलो नेता अभय चौटाला के बारे में सवाल पूछने पर दुष्यंत ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।

नगर निगम चुनाव में दुष्यंत गुट के चुनाव न लडऩे की घोषणा के बाद हिसार नगर निगम का चुनाव काफी रोचक हो जायेगा क्योंकि हिसार शहर में दुष्यंत चौटाला का खासा प्रभाव है। वह हिसार के सांसद भी हैं। ऐसे में वो जिस प्रत्याशी को समर्थन देंगे उसके जीतने की संभावनाएं बढ़ जायेंगी। अब देखना होगा कि दुष्यंत गुट का समर्थन प्राप्त करने में कौन सा प्रत्याशी सफल हो पायेगा।