हिसार-जींद में दुष्यंत तो कैथल में दिग्विजय संभालेंगे मोर्चा

ख़बरें अभी तक। अपने पिता एवं पूर्व सांसद डॉ़. अजय सिंह चौटाला के जेल जाने के बाद हिसार सांसद दुष्यंत सिंह चौटाला व इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने जींद में 9 दिसंबर को होने वाली रैली के लिए मोर्चा संभाल लिया है। रैली की तैयारियों के लिए सभी 22 जिलों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। हिसार व जींद जिला की कमान खुद दुष्यंत ने अपने हाथों में रखी है। वहीं जींद से सटे कैथल जिले के इंचार्ज दिग्विजय सिंह चौटाला होंगे।

रैली जींद में नये बस स्टैंड की साइट के सामने पिंडारा गांव में होगी। इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा देकर पार्टी छोड़ने वाले डॉ़. केसी बांगड़ को पंचकूला व अंबाला जिले का इंचार्ज बनाया गया है। उनके साथ पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका की ड्यूटी अंबाला में लगी है। डॉ़. बांगड़ ने बताया कि इनेलो के राष्ट्रीय सचिव रहे अशोक शेरवाल को यमुनानगर जिले का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ अजय चौटाला के करीबियों में शुमार ओपी लाठर को जोड़ा गया है।

श्री तेलू राम जोगी जो कि पूर्व में इन्हें नेशनल लोकदल के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं, हिसार जिले के प्रभारी होंगे। कुरुक्षेत्र के जिलाध्यक्ष रहे कुलदीप सिंह मुलतानी को कुरुक्षेत्र जिले का जिम्मा सौंपा है। दुष्यंत चौटाला भी कुरुक्षेत्र को कंट्रोल करेंगे। पूर्व विधायक व इनेलो के किसान सैल के अध्यक्ष रहे सरदार निशान सिंह को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें सिरसा जिले का प्रभारी नियुक्त किया है। निशान सिंह ने ही सबसे पहले बगावत का झंडा बुलंद किया था।

उकलाना से इनेलो विधायक अनूप धानक को फतेहाबाद जिले का इंचार्ज लगाया है। पूर्व विधायक रण सिंह बैनीवाल भी इसी जिले में रैली के लिए लोगों को निमंत्रण देंगे। पूर्व विधायक एवं सोनीपत के जिलाध्यक्ष रहे पदम सिंह दहिया को सोनीपत और रोहतक जिले की कमान सौंपी है। रोहतक जिले में विशेष तौर पर जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन धर्मपाल मकड़ौली व इनेलो के जिलाध्यक्ष रह चुके बलवान सिंह सुहाग  भी श्री पदम दहिया जी के साथ सोनीपत का काम संभालेंगे।

झज्जर जिला के तीन बार जिलाध्यक्ष रहे सतपाल पहलवान को गुरुग्राम और पूर्व मंत्री जगदीश नैय्यर को पलवल व फरीदाबाद जिले का प्रभारी नियुक्त किया है। इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव रहे बृज शर्मा को करनाल जिले की कमान सौंपी है और इनेलो के वरिष्ठ नेता श्री सतवीर सिंह का ध्यान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व विधायक श्री नरेंद्र सांगवान को पानीपत जिले की कमान सौंपी है।

पार्टी के लम्बे समय तक प्रदेश प्रचार सचिव रहे राजकुमार रिढाऊ रेवाड़ी जिले में रैली के लिए प्रभारी होंगे। इसी तरह से महेंद्रगढ़ के दो बार जिलाध्यक्ष रहे सत्यवीर सिंह नौताना को महेंद्रगढ़ और तीन बार विधायक रहे रमेश खटक को भिवानी जिले का प्रभारी लगाया है। दादरी से इनेलो विधायक राजदीप सिंह फौगाट दादरी जिले के साथ-साथ झज्जर जिले के भी प्रभारी होंगे। मेवात जिले की कमान पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला के विश्वासपात्रों में शुमार रहे पंडित योगेश शर्मा को मिली है।