हिमाचल प्रदेश: अश्वनी ठाकुर ने पत्रकारों से की बातचीत

ख़बरें अभी तक। हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों की सरदारी को लेकर सीएम गृहक्षेत्र के कर्मचारी नेता ने दावेदारी जताई है। सराज विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले अश्वनी ठाकुर ने अपने समर्थकों के साथ मंगलवार को मंडी में कर्मचारी महासंघ का स्थापना दिवस मनाया। स्थापना दिवस पर आए सैंकड़ों कर्मचारियों ने अश्वनी ठाकुर का जोरदार स्वागत किया। इस कार्यक्रम में सीएम जयराम ठाकुर के करीबी माने जाने वाले अधिकतर कर्मचारी नजर आए।

अश्वनी ठाकुर ने पत्रकारों के साथ बातचीत में स्पष्ट कहा कि वह अध्यक्ष पद के दावेदार हैं और यह दावेदारी उन्होंने कर्मचारियों से मिल रहे सहयोग के दम पर जताई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की बात को सही ढंग से सरकार के समक्ष रखना उनका कर्तव्य है और इसी का वह निर्वहन करते आ रहे हैं। बता दें कि अश्वनी ठाकुर मौजूदा समय में हिमाचल प्रदेश गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष हैं। शिक्षा विभाग में सर्वाधिक कर्मचारी होने के नाते वह अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी को प्रबल मान रहे हैं।

अश्वनी ठाकुर ने माना कि इस वक्त बहुत से कर्मचारी धड़ों में बंटे हुए हैं और जैसे ही अध्यक्ष पद का चुनाव हो जाएगा तो सभी कर्मचारी एक मंच पर आकर इकट्टा हो जाएंगे। उन्होंने पूर्व सरकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वीरभद्र सिंह सीएम थे तो कर्मचारियों का अध्यक्ष शिमला जिले से था, जब धूमल जी थे तो अध्यक्ष हमीरपुर जिले से था और अब बारी मंडी जिला की है क्योंकि सीएम मंडी जिला से है।

ज्ञात रहे कि अभी तक प्रदेश में कर्मचारियों का नया सरदार नहीं चुना जा सका है और इस पद के लिए नेताओं ने लॉबिंग तेज कर दी है। मंडी जिला के जोगिंद्रनगर से संबंध रखने वाले कर्मचारी नेता एनआर ठाकुर सबसे प्रवल दावेदार माने जा रहे हैं। जबकि उनके साथ मैदान में पहले से विनोद कुमार थे, अब अश्वनी ठाकुर का नाम भी इस कड़ी में जुड़ गया है। यह भविष्य ही तय करेगा कि कर्मचारियों का नया सरदार कौन होगा।