देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 101वीं जयंती आज

ख़बरें अभी तक। देश की प्रथम, एकमात्र महिला प्रधानमंत्री और भारत रत्न इंदिरा गांधी की आज 101वीं जयंती है। उन्हें आज पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शक्तिस्थल जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय राजनीति में वे एक मील का पत्थर थीं और उनका कार्यकाल एक युग के तौर पर रेखांकित किया जाता है।

उन्होंने राष्ट्र के संदर्भ में कई ऐसे फैसले लिए जिनका वैश्विक स्तर पर ऐतिहासिक प्रभाव हुआ और भारत की पहचान एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरी। इन फैसलों के कारण उन्हें भारत की ‘जॉन ऑफ आर्क’ और ‘आयरन लेडी’ भी कहा जाता है। इंदिरा गांधी अपनी प्रतिभा और राजनीतिक दृढ़ता के लिए विश्व राजनीति के इतिहास में जानी जाती हैं। वे खुद पर यकीन करती थीं, इसी यकीन की बदौलत उन्होंने अपने कार्यकाल को भारतीय राजनीति और सत्ता का एक युग बना दिया।