13 से 14 नवम्बर तक प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी के आसार

ख़बरें अभी तक। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते 13 से 14 नवम्बर तक प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। इसके चलते पूरे प्रदेश में और ठंड बढ़ेगी। इस मर्तबा समय से पहले ही ठंड ने दस्तक दे दी है जिसकी वजह से तापमान सामान्य से कम चल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और लुढ़कने से ठंड और अधिक बढ़ेगी।

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान अब तक सीजन का सबसे कम 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री दर्ज हुआ। दिन का तापमान कम हो जाने से दिन में भी गुलाबी सर्दी का अहसास होना शुरू हो गया। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया की पश्चिम विक्षोभ की वजह से 13 से 14 नवम्बर को हिमाचल में बादल छाएंगे।

जिसके चलते प्रदेश की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है जबकि, अन्य इलाकों में बारिश की संभावना है। किन्नौर के कल्पा, चितकुल और लाहौली-स्पीति जिले के केलांग सहित अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने बताया की इस मर्तबा हिमाचल प्रदेश में वक़्त से पहले ही ठंड बढ़ गई है जो आने वाले समय में और अधिक  बढ़ सकती है। क्योंकि अक्टूबर माह में हुई जोरदार बारिश और बर्फबारी ने प्रदेश को ठंड की चपेट में ले रखा है। जिससे तापमान समान्य से कम चल रहा है।