खबरें अभी तक। कांग्रेस ने अपने उमीद्वारों की लिस्ट जारी कर चुनावी बिगुल बजा दिया है। छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए कांग्रेस ने अपने 37 उम्मीदवारों के नाम से पर्दा हटा दिया है। कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल पाटन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस विधायक दल के नेता टी एस सिंह देव अम्बिकापुर से चुनाव लड़ेंगे। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री चरण दास महंत सक्ति विधानसभा सीट से मैदान में उतरेंगे। इस बार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंकने का प्रयास करेगी। बीजेपी प्रदेश में 2003 से ही सत्ता पर काबिज है।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होने हैं। पहले चरण में प्रदेश में नक्सल प्रभावित 18 सीटों पर 12 नवंबर को मतदान होना है। और बाकी बची 72 सीटों पर दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 11 दिसंबर को होगी।