सबरीमाला मंदिर: महिलाओं के प्रवेश का सर्मथन करने वाले स्वामी संदीपानंद के आश्रम पर हमला

ख़बरें अभी तक। केरल के सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का समर्थन करने वाले स्वामी संदीपानंद गिरी के आश्रम पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला बोल दिया। हमला करने के बाद हमलावरों ने स्वामी संदीपानंद गिरी की दो कारों और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा हैं कि हमलावरों ने आश्रम के सामने फूलों की एक माला भी लगा दी और उसके बाद वहां से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने भी शनिवार सुबह आश्रम का दौरा किया और इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई। उन्होंने कहा, ‘शारीरिक हमले तब होते हैं जब आप विचारों से समझौता नहीं कर सकते हैं। किसी को भी कानून अपने हाथों में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जो लोग स्वामी संदीपानंद की गतिविधियों के प्रति असहिष्णु हैं, उन्होंने ही आश्रम पर हमला किया है।’ पुलिस ने घटना से संबंधित मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महीने ही सबरीमाला मंदिर पर ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए मंदिर में सभी उम्र की महिलाओं के प्रवेश की इजाजत दे दी थी। अदालत ने कहा था कि मंदिर में महिलाओं को प्रवेश की इजाजत न देना संविधान के अनुच्छेद 25 (धर्म की स्वतंत्रता) का उल्लंघन है। लिंग के आधार पर भक्ति में भेदभाव नहीं किया जा सकता है। इसके बावजूद भी महिलाओं के प्रवेश पर प्रदर्शन किए गए थे।