जनजातीय विकास मंत्री क्षेत्रीय अस्पताल के दौरे पर

खबरें अभी तक। बीते दिनों शिंकुला दर्रे से निकाले गए कामगारों का कुशलक्षेम जानने के लिए कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी और जनजातीय विकास मंत्री डा. रामलाल मारकंडा ने बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कामगारों का हाल-चाल पूछा और अस्पताल की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डा. मारकंडा ने बताया कि इन नेपाली कामगारों को अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

क्षेत्रीय अस्पताल के डाक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने इन कामगारों को अपनी ओर से भी आर्थिक सहायता प्रदान की है। डाक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने इन्हें कपड़े और अन्य आवश्यक सामान भी वितरित किया है। कृषि मंत्री ने इसके लिए अस्पताल प्रबंधन, डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की सराहना भी की। डा. मारकंडा ने कहा कि इन गरीब नेपाली कामगारों के  खाने-पीने और घर तक जाने के लिए किराये की व्यवस्था भी की जा रही है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ओर से एकत्रित धनराशि इन कामगारों को वितरित की। इस मौके पर एसडीएम डा. अमित गुलेरिया, सीएमओ डा. सुशील चंद्र शर्मा, डा. हीरा लाल और अन्य चिकित्सक भी उपस्थित थे।