आंगनवाड़ी कर्मचारी व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ किया रोष व्यक्त

ख़बरें अभी तक। आज कैथल के जवाहरलाल नेहरू पार्क में आंगनवाड़ी कर्मचारी व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला कैथल के कर्मचारियों द्वारा सयुंक्त रूप से सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आंगनवाड़ी हेल्पर्स यूनियन की राज्यसचिव शकुंतला देवी ने बताया कि 10 सितंबर को पंचकूला में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वाहन पर विधानसभा कुच करने गए आंगनवाड़ी वर्कर्स हेल्पर यूनियन के कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों के मांगपत्र के बारे में विचारविमर्श करने के लिए आंदोलन में हिस्सा लिया था।

जहां पर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे कर्मचारियों पर हरियाणा सरकार द्वारा लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और वाटर कैन जैसे बर्बरतापूर्ण तरीके से व्यवहार किया गया। जोकि बेहद ही निंदनीय है। साथ ही शकुंतला देवी ने हरियाणा सरकार पर पंजाब पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने के भी आरोप लगाए और कहा कि महिला कर्मचारियों पर पंजाब पुलिस के पुरूष पुलिसकर्मियों से लाठीचार्ज करवाया गया जो कि कानून के खिलाफ है और हरियाणा सरकार द्वारा कानून की धज्जियां उड़ाई गयी है। उनके द्वारा बताया गया कि लाठीचार्ज के दौरान कैथल की 6 आंगनवाड़ी हेल्पर्स महिलाओं को काफी चोटें आई है।

हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला कैथल के कर्मचारी नेता ने भी विधानसभा कूच के दौरान सरकार द्वारा कर्मचारियों और किये गए लाठीचार्ज को बेहद ही निंदनीय बताया. सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति प्रजातन्त्र के अंदर अपनी आवाज उठाता है तो उसके ऊपर हरियाणा सरकार द्वारा अत्याचार करवाया जाता है। जिसके चलते आज प्रदेश के हर जिले में कर्मचारियों द्वारा सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ रोष व्यक्त कर प्रदर्शन किया जा रहा है और आने वाले 18 तारीख को जेलभरो आंदोलन किया जाएगा।