अंबाला: कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इनेलो पर साधा निशाना

ख़बरें अभी तक। किसी समय में इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला के बेहद नजदीकी माने जाने वाले अम्बाला कैंट के विधायक और हरियाणा के मौजूदा कैबिनेट मंत्री अनिल विज और इनेलो के बीच सियासी बयानो की खाई गहरी होती जा रही है। विज ने इनेलो पर जोरदार हमला बोलते हुए अपने राजनीतिक सफर में इनेलो का कोई योगदान नहीं होने की बात कहते हुए कहा कि वह अपने दम पर बने हुए विधायक है। इनेलो- बसपा के गठबंधन पर विज ने चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसे कई आए और कई गए।

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इनेलो की सियासी घेराबंदी शुरू कर दी है। विज के तेवर इनेलो के प्रति और तीखे होते जा रहे हैं। विज ने अभय चौटाला से लेकर दुष्यंत चौटाला पर सियासी हमला बोला है। ऐलनाबाद के विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गुरुग्राम में दर्ज हुई एफआईआर के मामले में सरकार से सीबीआई जांच करवाने की मांग की है।

इस पर विज ने अभय चौटाला को नसीहत देते हुए कहा कि अभय चौटाला सिर्फ बोलते ही हैं, करते कुछ नहीं। वो कहते हैं कि इस बारे में मेरे पास पूरी जानकारी और डाटा है। जैसे गुरुग्राम के एक साधारण व्यक्ति ने थाने में जाकर एफआईआर दर्ज करवाने की हिम्मत की है वैसे हिम्मत इन्होंने क्यों नहीं की। सरकार ने इसके लिए आयोग बनाकर कार्रवाई की है। पुलिस इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

अक्सर इनेलो नेताओं की ओर से अनिल विज को उनके रहमो करम से बने हुए विधायक करार दिया जाता रहा है। विज ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए इस मामले में बड़ा खुलासा किया है। विज ने कहा कि ये बच्चे हैं। इनको कोई जानकारी नहीं है। मैं 5 चुनाव जीता हूं और पांचों चुनावों में इनेलो ने मेरे खिलाफ अपना कैंडिडेट खड़ा किया और मैं इनेलो के कैंडिडेट को हराकर जीता।

एक बार इनको कैंडिडेट नहीं मिला था उस बार मैं भी हार गया था। 1990 में इन्होंने अम्बाला कैंट में अपनी पूरी ताकत लगाई और इनका सारा खानदान, सारी इनेलो पार्टी गली गली में भिखारियों की तरह वोट मांगते हुए घूमी परन्तु लोगों ने इन्हें नकार दिया। ये बात ये किस मुँह से कहते हैं। इनेलो- बसपा की चुनौती को नकारते हुए विज ने कहा ऐसे कई आए और कई गए।

रोजगार के मुद्दे पर हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए गुरुग्राम में आंदोलन पर उतरे थे। दुष्यंत चौटाला ने 2 अक्टूबर तक गांधीगिरी से और 2 अक्टूबर के बाद शहीद ए आजम भगत सिंह की शैली में सरकार को घेरने का ऐलान किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि महात्मा गांधी और भगत सिंह से इनका कोई सरोकार नहीं है। इनकी तो अपनी संस्कृति है। इनेलो की ग्रीन ब्रिगेड की कार्यशैली को हरियाणा के लोग अच्छी तरह से जानते हैं।

ये हर जगह पर भेश बदलकर गड़बड़ियां करने की कोशिश करते हैं। गुंडागर्दी से अपनी बात को मनवाना और तोड़फोड़ करना इनेलो का कल्चर है। विज ने कहा कि मैंने तो इनके खिलाफ चुनाव लड़ा हुआ है मैं इनकी शैली को अच्छी तरह से जानता हूं। इनेलो की ओर से कल 8 सितंबर को प्रदेश व्यापी बंद का आह्वान करते हुए सरकार की जड़ें हिला देने का दम भरा गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि आज की डेट में तो इनेलो हिली हुई है। क्योंकि इनके कहने से कहीं भी कोई भी बन्द नहीं होने वाला। इनैलो हमेशा व्यापारियों के खिलाफ रही है। पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल ने व्यापारियों पर क्या क्या कमेंट्स किए हुए हैं उन्हें लोग भूले नहीं हैं।