फतेहाबाद में पुलिस ने हड़ताल कर रहे रोडवेज कर्मचारियों पर किया बल प्रयोग, क्षेत्र से 7 रूटों पर बहाल की गई बस सेवा

खबरें अभी तक। फतेहाबाद में रोडवेज के हड़ताल कर रहे कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया है। पुलिस ने रोडवेज कर्मचारियों को घसीट-घसीट कर बसों में भरा और हिरासत में ले लिया। फिलहाल सभी कर्मचारियों को फतेहाबाद की पुलिस लाइन में रखा गया है और बस सेवा को 6-7 रूटों पर बहाल कर दिया गया है। पुलिस द्वारा बल प्रयोग के दौरान कई कर्मचारी घायल भी हुए है। कई लोगों की आंख और हाथ पर चोट आई है। गौरतलब है कि आज हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों के द्वारा पूरे प्रदेश में चक्का जाम का ऐलान किया गया था। जिसके बाद कल 4 सितंबर को भी प्रशासन के द्वारा फतेहाबाद के सभी बस स्टैंड परिसर के आस पास 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी गई थी। आज अल सुबह रोडवेज कर्मचारियों के द्वारा बस स्टैंड परिसर के अंदर ही धरना शुरू कर दिया गया और बस सेवा को रोका गया। जिसके बाद पुलिस के द्वारा बल प्रयोग करके रोडवेज कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया गया।

इस बारे में जानकारी देते हुए रोडवेज जीएम राहुल सिंह ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों के द्वारा बसों को चलने नहीं दिया जा रहा था। जिसके बाद उनके द्वारा पुलिस की सहायता ली गई और रोडवेज कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल उनके द्वारा कई रूटों पर बस सेवा को बहाल कर दिया गया है।