हड़ताल पर गए सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी जॉइन करने का फरमान

ख़बरें अभी तक। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने हड़ताल पर गए सरकारी कर्मचारियों को जल्दी से जल्दी ड्यूटी जॉइन करने का फरमान सुना दिया है। 6 महीनों तक एस्मा लगाने का सरकार ने ऐलान किया है। विज ने इन कर्मचारियों पर एस्मा लगाए जाने के कदम को सही बताया है तो इनैलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने इसे सरकार का कर्मचारी विरोधी कदम कहा है।

कर्मचारी आंदोलनों के बहाने सरकार और विपक्ष में ठन गई है। अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे स्वास्थ्य विभाग के MPHW विंग के कर्मचारी पिछले कई दिनों से धरने पर हैं तो वहीं रोडवेज यूनियनों ने भी 5 सितंबर को चक्का जाम का ऐलान कर दिया है। हड़ताल की वजह से प्रदेश की व्यवस्था पटरी से न उतरे इसके लिए सरकार ने एस्मा यानी एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट लगाकर इनकी हड़ताल पर रोक लगाने का प्रयास किया है। सूबे के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने हड़ताली कर्मचारियों को साफ शब्दों में हड़ताल न करने की सलाह देते हुए काम पर लौट आने का फरमान सुना दिया है।

विज ने कहा कि बेवाजिब हड़ताल बर्दाश्त नहीं और ये कर्मचारी तुरन्त काम पर वापिस लौट आएं। विज ने कहा कि वो विपक्ष की हर बात का जवाब देना उचित नहीं समझते। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष व्यापार सेल द्वारा कैंट में आयोजित करवाए गए व्यापारी सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। अरोड़ा ने यहां व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और 8 सितंबर को होने वाले इनेलो के प्रदेशव्यापी बाजार बंद में सहयोग देने की अपील की। भाजपा सरकार की नीतियों पर सरकार को घेरा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए अशोक अरोड़ा ने कर्मचारियों पर एस्मा लगाए जाने की कड़ी निंदा की। अरोड़ा ने कहा कि भाजपा के राज में आज हर वर्ग परेशान है। इनेलो सरकार के तानाशाह रवैये का विरोध करती है। सरकार कर्मचारियों से बात करके उनकी समस्याओं का निदान करे। रोडवेज कर्मचारी निजीकरण के विरोध में है। सरकार को निजीकरण की राह छोड़कर अपनी बसें चलानी चाहिए। इनेलो एस्मा लगाए जाने का विरोध करती है। अशोक अरोड़ा ने कहा कि सरकार डरी हुई है और हर मोर्चे पर फेल है। सरकार गुल्ली डंडा खेलना और डीजे पर नाचना  छोड़कर लोगों की सेवा में जुटने का काम करे। तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि अबकी बार इनेलो-बसपा की सरकार बनेगी और दोनों पार्टियों का सांझा प्रत्याशी जीत दर्ज करके अम्बाला कैंट का विधायक बनेगा।